फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में नशा व मोबाइल फोन सप्लाई करने के मामले में जिला पुलिस ने पड़ताल के बाद जेल के हेड वार्डन राजदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा इस ड्रग रैकेट से जुड़ी जेल में बंद एक कैदी की पत्नी सुनीता रानी को भी काबू किया गया है।

 गोइंदवाल जेल में बंद एक कैदी को भी प्रोडक्शन वारंट पर फरीदकोट लाया गया है। इस मामले का जिला पुलिस ने हाल ही में पर्दाफाश करते हुए जेल के 14 कैदियों व हवालातियों को नामजद किया था और पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। 

करीब 10 दिन पहले जेल से दो हवालातियों के वीडियो वायरल करने व एक कैदी से 100 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद जिला पुलिस ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय पड़ताल करवाई तो सामने आया है कि फरीदकोट जेल में बंद कैदियों व हवालातियों की ओर से ही जेल में नशा व मोबाइल फोन सप्लाई करने का रैकेट चलाया जा रहा है।

 यह लोग बाहर से फेंकवाकर सामान अंदर मंगवाते हैं और इसकी एवज में ऑनलाइन भुगतान लिया जा रहा है।