जालंधर : डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल ने गुरुवार को जिले के 4 ट्रैवल एजेंटों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। यह कार्रवाई उनके खिलाफ एफआईआर और शिकायतें दर्ज होने के बाद की गई है।

 इन फर्मों में स्थानीय लाजपत नगर में मैसर्स मिडवेस्ट इमिग्रेशन कंसल्टेंट्स, छोटी बारादरी-II में मैसर्स आईक्यू एजुकेशन एंड इमिग्रेशन सर्विसेज, अर्बन एस्टेट फेज- I में मैसर्स आरडीएसआई इंस्टीट्यूट एलएलपी और मोहल्ला काजियां, फिल्लौर में मैसर्स हाई स्पिरिट्स शामिल हैं। 

डी.सी. सारंगल ने कहा कि इमीग्रेशन सलाहकारों/फर्मों द्वारा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से सख्ती से निपटा जाएगा और जिला प्रशासन द्वारा तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इमीग्रेशन फर्मों की गतिविधियों पर जिला प्रशासन द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी को भी लोगों को धोखा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी लाइसेंस प्राप्त फर्मों से अपील की कि वे अपना व्यवसाय कानून के अनुसार करें और ऐसी किसी भी गतिविधि में शामिल न हों, जिससे दूसरों को नुकसान हो। 

डी.सी. ने जिले में इमीग्रेशन फर्मों की जांच करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एसडीएम की अध्यक्षता वाली विशेष टीमें लगातार इमीग्रेशन सलाहकारों की गतिविधियों की लगातार जांच करेंगी। 

डी.सी. ने लोगों, विशेषकर माता-पिता से भी आग्रह किया, जो अपने बच्चों को आगे की शिक्षा के लिए विदेश भेजना चाहते हैं, सेवाओं का लाभ उठाने से पहले फर्मों की प्रमाणिता की जांच करें।