जालंधर नगर निगम के नए कमिश्नर ऋषिपाल सिंह ने आज अपना पदभार संभाल लिया। 2014 बैच के आईएएस अफसर ऋषि पाल सिंह को जालंधर नगर निगम का कमिश्नर तैनात किया गया। इससे पहले सरकार ने अभिजीत कपलीश को कमिश्नर के पद से हटा दिया था।

अभिजीत कपलीश को हटाकर सरकार ने मानसा के डिप्टी कमिश्नर ऋषिपाल सिंह को जालंधर का कमिश्नर तैनात किया। ऋषिपाल तरनतारन में डिप्टी कमिश्नर रह चुके हैं। आज उन्होंने पदभार संभालते ही निगम अफसरों के साथ मीटिंग की।

पदभार संभालने के बाद ऋषि पाल सिंह ने कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकता पंजाब सरकार के कार्यक्रम होंगे, जिनमें स्मार्ट सिटी, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और निचले स्तर तक सुविधाएं मुहैया कराना शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि विशिष्ट नागरिक सेवाओं में और अधिक सुधार लाने के अलावा उनका ध्यान शहर के समग्र विकास पर भी होगा।

नए नगर कमिश्नर ने यह भी कहा कि बकाया वसूली भी अहम होगी। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक के दौरान स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम द्वारा चलाये जा रहे प्रोजेक्टों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।