पंजाब जालंधर के वरिष्ठ पत्रकार और पंजाब प्रेस क्लब के सीनियर उपप्रधान राजेश थापा पर कातिलाना हमला हुआ है। हमला करने वाले पत्रकार राजेश थापा पर एक मामले में समझौते कराने का दबाव बना रहे थे, जिस पर राजेश थापा ने मना कर दिया था।

पत्रकार राजेश थापा ने बताया कि रिदम शर्मा नामक व्यक्ति एक केस के सिलसिले में समझौता करवाने का दबाव डाल रहा था। आज शाम को जब उन्होंने मना किया तो रिद्धिम शर्मा और कुछ अनजान लोगों ने उन पर कातिलाना हमला कर दिया।


घायल अवस्था में राजेश थापा को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पत्रकार राजेश थापा पर कातिलाना हमले की मीडिया क्लब के प्रधान शिंदरपाल सिंह चाहल, जनरल सेक्रेटरी महाबीर सेठ और चेयरमैन अमन मेहरा ने निंदा की है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार किया जाय।

उधर प्रिंट एंड इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र पाल और अन्य पत्रकारों ने पत्रकार राजेश थापा पर हुए कातिलाना हमले पर रोष प्रकट किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि आरोपियों को तत्काल काबू किया जाय।