पंजाब के फिरोजपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। फिरोजपुर में पुरुष सिपाही ने महिला सिपाही को गोलियों से भून दिया। महिला सिपाही को गोली मारने के बाद पुरुष सिपाही ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक फिरोजपुर कैंट में यह घटना हुई है। मरने वाली महिला कॉन्स्टेबल की पहचान अमनदीप कौर के रूप में हुई है, जो फिरोजपुर कैंट पुलिस थाने में तैनात थी। वहीं उसे गोलियां मारने वाला सिपाही गुरसेवक सिंह फिरोजपुर पुलिस लाइन में तैनात था। यह घटना शनिवार-रविवार रात की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक रात को अमनदीप कौर पुलिस थाने से ड्यूटी खत्म करने के बाद एक्टिवा से घर लौट रही थी। जब वह बाबा शेर शाह वली पीर के पास पहुंची तो गुरसेवक कार पर वहां आया। उसने अमनदीप की एक्टिवा को कार से टक्कर मारी। फिर वह कार से नीचे उतरा और अमनदीप को ताबड़तोड़ 5 गोलियां मार दी। जिसके बाद वह वहां से फरार हो गया। अमनदीप को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अमनदीप को गोलियां मारने के बाद गुरसेवक कार में तलवंडी चौक पहुंचा। वहां उसने खुद को भी गोली मार दी। जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस अधिकारियों का कहा है कि इसके पीछे की वजह की जांच की जा रही है। दोनों के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि विभाग में होने की वजह से आपस में जान-पहचान रहती है लेकिन इस घटना के पीछे की पुख्ता वजह अभी सामने नहीं आई है।

Social Plugin