जालंधर नगर निगम के युवा कमिश्नर अभिजीत कपलीश पूरे एक्शन में हैं। उन्होंने निगम अधिकारियों से साफ कहा है कि अवैध काम बिल्कुल बरदाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने अवैध कालोनियों और अवैध निर्माणों पर सख्ती के आदेश दिए हैं। जिससे आज उन्होंने जालंधर कैंट हलके में 5 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी पकड़ी और अवैध कालोनी पर कार्रवाई करवा दी।सत्ता परिवर्तन के बाद करणेश शर्मा के बाद दो कमिश्नर आए, लेकिन वे सख्ती नहीं दिखा पाए। पिछले दिनों सरकार ने स्थानीय निकाय विभाग के ही अधिकारी को जालंधर निगम की कमान सौंपी है। कमिश्नर अभिजीत कपलीश ने बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों पर सख्ती करते हुए अवैध कालोनाइजरों पर कार्ऱवाई के आदेश दिए। जानकारी के मुताबिक अगर उक्त कालोनी पास करवाई जाती तो सरकार के खाते में करीब 5 करोड़ रुपए जमा होते। क्योंकि सरकार द्वारा तय रेट के मुताबिक 20 लाख रुपए प्रति एकड़ रेजीडेंशियल सीएलयू और 60 लाख रुपए प्रति एकड़ कामर्शियल सीएलयू फीस जमा करवाई जाती।