किसान-मजदूर सभा के प्रदर्शनकारी किसानों ने बुधवार दोपहर 12 बजे डीसी दफ्तर के गेट से एसएसपी ऑफिस के गेट तक रोष मार्च निकाला। वहीं, वापसी के समय एक गाड़ी बैक होते समय थाना सिटी एसएचओ दलजीत सिंह से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर गए। उनको पास खड़े पुलिस कर्मियों ने उठाया।
हालांकि उनको कोई चोट तो नहीं आई, परंतु पुलिस ने गाड़ी चालक को हिरासत में ले लिया। इस मौके पर एसपीडी अजय राज सिंह ने कहा कि गाड़ी चला रहे किसान को हिरासत में लिया था, उसका मेडिकल करवाकर चेतावनी देने के बाद छाेड़ दिया गया है। इसके बाद किसान प्रदर्शनकारी डीसी दफ्तर के गेट पर बैठ गए और शाम 4 बजे तक डीसी गेट पर धरना प्रदर्शन करते रहे।
एसएसपी कार्यालय का गेट खुला होने के चलते लोगों को अंदर आने-जाने का रास्ता तो मिल गया, परंतु एक ही गेट होने के चलते वहां भीड़ लगी रही। गाैर हाे कि केंद्र सरकार के खिलाफ किसान-मजदूर सभा का धरना प्रदर्शन बुधवार को 12वें दिन में प्रवेश कर गया। इस अवसर पर माैजूद किसान व मजदूराें ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वहीं, शाम 4 बजे के बाद प्रदर्शनकारी गेट से उठकर फिर मिनी सचिवालय के अंदर धरने वाले स्थान पर बैठ गए। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि 12 दिसंबर काे मांगाें काे लेकर विधायकाें का घेराव किया जाएगा।

Social Plugin