फिरोजपुर पुलिस ने शादी समारोह में राइफल व रिवाल्वर से हवाई फायरिंग करने के आरोप में नंबरदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हवाई फायरिंग करने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। इसमें गांव कटोरा का नंबरदार पंजाब सरकार व जिला मजिस्ट्रेट के आदेश की धज्जियां उड़ाता हुआ शादी समारोह में हवाई फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है।

पुलिस के मुताबिक एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। उक्त वीडियो में एक शादी समारोह में गांव कटोरा, थाना आरिफके जिला फिरोजपुर का नंबरदार तरसेम सिंह रात के समय लाइसेंसी रिवाल्वर और दोपहर के समय लाइसेंसी 315 बोर राइफल से हवाई फायरिंग कर रहा है। जबकि पंजाब सरकार और जिला मजिस्ट्रेट ने हथियार लेकर चलने पर पाबंदी लगाई हुई है। ऐसा कर नंबरदार कानून की धज्जियां उड़ा रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि गांव में बारात निकाली जा रही है, दूल्हा और सभी बाराती पैदल चल रहे हैं। नंबरदार तरसेम रिवाल्वर व राइफल से हवाई फायरिंग कर रहा है। उल्लेखनीय है कि ऐसे समारोह में हवाई फायरिंग करते समय कई लोगों की जान जा चुकी है। शादी व अन्य समारोह में फायरिंग करने पर पूर्ण तौर पर पाबंदी लगी हुई है।

पठानकोट: इंस्टाग्राम पर लाइसेंसी रिवॉल्वर के साथ डाली पोस्ट, गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर लाइसेंसी रिवॉल्वर के साथ पोस्ट डालने पर थाना शाहपुरकंडी पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि थरियाल निवासी गगनदीप उर्फ शानू ने अपने नाम पर इंस्टाग्राम पेज बनाया और अक्सर उस पर अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर के साथ पोस्ट डालता है। पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि उक्त इंस्टाग्राम पेज पर उसके साथ हिमाचल प्रदेश के इंदौरा निवासी मनु कश्यप ने भी पोस्ट डाली थीं।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि गगनदीप उर्फ शानू के पास लाइसेंसी रिवाल्वर है। वह इंस्टाग्राम पेज पर अपने असलहे का अक्सर प्रदर्शन करता है। बताया कि आरोपियों ने ‘गगन पठानकोट फैन पेज’ नाम का इंस्टाग्राम पेज भी बनाया था, जिसमें हथियारों की नुमाइश करके गैंगस्टर कल्चर को बढ़ावा देने वाली वीडियो और फोटो अपलोड की है। इससे लोगों में डर का माहौल पैदा करके आम लोगों में अशांति का माहौल पैदा कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने थरियाल निवासी गगनदीप सिंह और हिमाचल के इंदौरा निवासी मनु कश्यप के खिलाफ 188 आईपीसी और 153 असलहा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक गगनदीप उर्फ शानू को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा किया गया, जबकि दूसरा आरोपी मनु कश्यप फरार है।