जालंधर: थाना बस्ती बावा खेल के अधीन आते इलाकों में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शराब का धंधा दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है, क्योंकि शराब बेचने वाली काली भेड़ों को पुलिस का भी सरंक्षण प्राप्त है। वैस्ट हलके में दर्जनभर से अधिक शराब तस्कर ऐसे हैं जिन पर अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं। कई शराब तस्करी के मामले में जेल की हवा खाने के बावजूद भी शराब का धंधा मोटे स्तर पर कर रहे हैं और सरकार को चूना लगाकर मोटी संपत्तियां बना चुके हैं। जानकारी के अनुसार ये संपत्तियां उनके खुद के नाम पर नहीं हैं। ऐसा इसलिए ताकि अगर शराब तस्करी के मामले में अगर वे पकड़े जाते हैं तो पुलिस इनकी प्रॉपर्टी अटैच ना कर सके

निजी कारोबार के साथ शराब का भी कर रहे धंधा
वैस्ट हलके के बड़े शराब तस्कर इस धंधे के साथ-साथ अपना निजी कारोबार भी कर रहे हैं ताकि उसकी आड़ में आराम से शराब बेची जा सके और कोई शक भी न करे। सुबह से लेकर शाम तक सारा दिन ये बड़े शराब तस्कर 1-2 बोतलें नहीं बल्कि पेटियां ही सप्लाई करते हैं। वैसे तो हर रोज ही शराब तस्कर और सप्लाई करने वाले पकड़े जाते हैं लेकिन इस धंधे से सस्ती शराब बेचकर मोटी कमाई करने वालों के मुंह पर खून लग चुका है जिससे एक्साइज विभाग को भी मोटा चूना लग रहा है। शराब तस्करों ने अपने कारिंदे छोड़े हुए हैं। जिसको जरूरत होती है, वे खुद उन्हें उनके घर तक सप्लाई देने पहुंच जाते हैं।

शराब सप्लाई करने के लिए रखे हुए हैं कोड वर्ड
बस्ती बावा खेल थाने के अधीन आते जिन इलाकों में शराब की सप्लाई होती है, उनके तस्करों ने कोड वर्ड रखे हुए हैं। जैसे अगर किसी को एक पेटी चाहिए तो कहा जाता है कि सिलैंडर की सप्लाई पहुंचा दी जाए जिससे शराब तस्कर समझ जाता है कि उक्त व्यक्ति को एक पेटी की जरूरत है। इसी तरह अगर किसी को आधी पेटी की जरूरत होती है तो टेलीफोन पर उसे 2 बार हर रोज बदले जाने वाले कोड बोले जाते हैं। कई बार शराब की बोतलों को नग भी बोला जाता है। इन तस्करों से जो व्यक्ति सप्लाई लेता है वह आगे रेहड़ियों पर सप्लाई कर देता है।

इन इलाकों में बैठे हैं बड़े मगरमच्छ

  1. इस नगर श्मशानघाट, कबीर मंदिर के पास
  2. मोहल्ला कच्चा कोट
  3. दरोना गार्डन, अकाल मार्कीट के पास
  4. राजनगर नहर के पास
  5. काहनदास नगर
  6. राजनगर बड़े धार्मिक स्थल के पास
  7. बस्ती पीरदाद रोड, अवैध गैस एजैंसी के पास
  8. शहीद बाबू लाभ सिंह नगर
  9. मिट्ठू बस्ती धार्मिक स्थल के पास