चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गन्ना उत्पादकों को बड़ी राहत दी है. उन्होंने गन्ने की कीमत 20 रुपये बढ़ाकर 380 रुपए प्रति क्विंटल करने का ऐलान किया. पंजाब विधान सभा के सत्र के दौरान सोमवार को मुख्यमंत्री मान ने सदन में कहा कि आगामी पिड़ायी सीजन से किसानों को गन्ने का स्टेट ऐग्रीड प्राइस (एस. ए. पी.) 20 रुपये प्रति क्विंटल अधिक मिलेगा. इससे गन्ने का भाव 360 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 380 रुपये प्रति क्विंटल हो गया. इस फैसले से सरकारी खजाने पर 200 करोड़ रुपये साल का भार आएगा.
सीएम भगवंत मान ने कहा, ‘राज्य में किसान गन्ने की खेती तो करना चाहते हैं, लेकिन पिछले समय में उपयुक्त मूल्य न मिलने और फसल की समय पर अदायगी न होने के कारण उन्होंने गन्ने की फसल से मुंह मोड़ लिया था. इस समय पंजाब में 1.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में ही गन्ने की फसल होती है. जबकि, राज्य की चीनी मिलों की कुल क्षमता 2.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल के गन्ने की पिड़ायी करने की है. इस कारण मैं गन्ना उत्पादकों की आय में विस्तार करने के लिए गन्ने का भाव बढ़ाने का ऐलान करता हूं.’
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि सहकारी चीनी मिलों ने किसानों का समूचा बकाया अदा कर दिया है. एक-दो प्राइवेट चीनी मिलों ने अभी तक किसानों के बकाया का भुगतान नहीं किया. बल्कि, इन मिलों के मालिक किसानों के हितों की सुध लेने की बजाय विदेश भाग गए. उन्होंने बताया कि सरकार ने इन मिलों की संपत्ति जब्त करके किसानों के बकाए का भुगतान करने की कार्रवाई पहले ही शुरू कर दी है.

Social Plugin