मुंबई. महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के तीन जगहों को बम से उड़ाने से धमकी मिली है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस कंट्रोल रूम में एक धमकी भरा फोन कॉल आया, जिसमें अंधेरी के इनफिनिटी मॉल, जुहू के पीवीआर और सांताक्रुज स्थित सहारा के पांच सितारा होटल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है.

यह धमकी भरा कॉल आते ही पुलिस महकमा भी अलर्ट हो गया और इन तीनों जगहों तथा आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. हालांकि अब तक पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है.

पुलिस के मुताबिक, उन्हें रात 10:30 बजे हेल्पलाइन नंबर 112 पर किसी अज्ञात शख्स का फोन आया, जिसमें उन्हें तीन जगहों पर बम धमाके की चेतावनी दी. पुलिस फिलहाल फोन कॉल करने वाले की पहचान करने में जुटी है, जिससे कि मामले की सही तस्दीक हो सके.

दरअसल हाल के दिनों में मुंबई पुलिस को ऐसे कई धमकी भरे कॉल मिलते रहे हैं, जो कि जांच में पूरी तरह झूठी निकली. यहां करीब महीने भर पहले भी सांताक्रूज में रहने वाले एक व्यक्ति को ऐसे ही धमकी भरे कॉल आए थे, जिसमें बम धमाकों की धमकी दी गई थी. उस शख्स ने सांताक्रूज थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था उस फोन करने वाले शख्स ने वॉट्सऐप कॉल करके कहा था,  ‘बम बलास्ट करना है, इंडिया में तबाही मचानी है.’ पुलिस ने उस संबंध में केस दर्ज करके तफ्तीश में जुट गई थी. हालांकि यह धमकी बिल्कुल झूठी निकली.