श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार शाम आतंकियों के ग्रेनेड हमले में एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. इस हमले के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है. मृतक मजदूर की पहचान बिहार के सकवा परसा निवासी मोहम्मद मुमताज के रूप में हुई है. जिन घायलों का पुलवामा के सरकारी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, वे हैं मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद मजबूल, दोनों बिहार के रामपुर के रहने वाले हैं. पुलिस ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि यह आतंकी हमला गदूरा इलाके में हुआ. इस आतंकी हमले की निंदा करते हुए श्रीनगर के पूर्व डिप्टी मेयर शेख इमरान ने कहा कि हिंसा को कभी भी किसी भी रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता है.

कश्मीर घाटी में आतंकी लगातार प्रवासी मजदूरों और कर्मचारियों को निशाना बना रहे हैं. इससे पहले भी हुए हमले में कई निर्दोष प्रवासी नागरिकों की जान चली गई है. सरकार और पुलिस ने टारगेट किलिंग में शामिल कई आतंकियों को मार गिराया है.

टारगेट किलिंग में 20 से ज्यादा नागरिकों की मौत

बता दें कि इस हमले से पहले इस साल जम्मू-कश्मीर में टारगेटेड अटैक ज्यादातर अल्पसंख्यकों, प्रवासियों और सुक्षा कर्मियों को निशाना बनाने के मकसद से किए गए हैं. ऐसे 14 मामलों में सुरक्षा बलों ने उन आतंकवादियों या उनके कथित सहयोगियों को मार डाला या गिरफ्तार किया है, जिनके टारगेटेड अटैक में शामिल होने का संदेह है. वहीं कुछ मामले अब तक सॉल्व नहीं किए जा सके हैं. राज्य पुलिस के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है.

इन लक्षित हमलों में मारे गए 22 लोगों में 1 कश्मीरी पंडित सरकारी कर्मचारी, राजपूत समुदाय का 1 सदस्य, 4 प्रवासी और पंचायत स्तर के 4 नेता शामिल हैं. इस सूची में 4 पुलिस कर्मी, सेना का 1 जवान, सीआरपीएफ के 2 जवान, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 2 जवान और 3 स्थानीय निवासी भी शामिल हैं.